भक्ति और आस्था के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा, सदर विधायक योगेश वर्मा सहित हजारों श्रद्धालु रहे शामिल
लखीमपुर खीरी। शहर के मेला मैदान से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यह यात्रा मेला मैदान से प्रारंभ होकर संकटा देवी चौराहे की ओर विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। शोभायात्रा में सदर विधायक योगेश वर्मा सहित हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और यात्रा की शोभा बढ़ाई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग पर भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
भगवान जगन्नाथ की इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

