लखीमपुर खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम झाऊपुर के जंगल में शनिवार को गन्ने के खेत से एक युवक का अधखाया शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पर टाइगर के हमले की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान अनिल (35 वर्ष) पुत्र जुगलकिशोर उर्फ पंडा, निवासी तुलमेलगंज, थाना हैदराबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि अनिल तीन दिन पहले घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शनिवार को ग्राम झाऊपुर के जंगल स्थित गन्ने के खेत में उसका अधखाया शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हैदराबाद सुनील मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर कराई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। वहीं वन विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत टाइगर के हमले से होना प्रतीत हो रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

