oplus_0
मितौली, खीरी। भारतीय किसान यूनियन (किसान) की महिला जिलाध्यक्ष एवं ग्राम धर्माखेड़ा निवासी मनजीत कौर ने गुरुवार को मितौली तहसील परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार शशांक मिश्रा को सौंपकर अपने व परिवार की सुरक्षा तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मैगलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार एवं मितौली क्राइम इंस्पेक्टर अखिलेश गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला किसान से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
ज्ञापन में मनजीत कौर ने आरोप लगाया है कि उनकी कृषि भूमि पर फर्जीवाड़ा कर अवैध कब्जा किया गया। विरोध करने पर उनके परिवार के साथ मारपीट, धमकी और उत्पीड़न किया गया। उन्होंने दावा किया कि 23 जून 2026 को खेत में लगे पेड़ों को काटने का विरोध करने पर उन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गईं। उनका कहना है कि घटना का वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद है, लेकिन तहरीर देने के बावजूद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें और उनके दोनों बच्चों को घर से निकालने का प्रयास किया गया तथा उनके पति की भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराकर दाखिल-खारिज करा दिया गया। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों पर निष्पक्ष सुनवाई न करने का भी आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में ससुराल पक्ष की संपत्तियों, भूमि हस्तांतरण, कथित भूमि बिक्री, वाहन (थार) के स्वामित्व परिवर्तन, मोबाइल नंबरों, भूमि बिक्री से प्राप्त धनराशि तथा गाटा संख्या 2240 में दर्ज चारागाह भूमि पर कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई है।
मनजीत कौर ने अपने व परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने, गाटा संख्या 540 की भूमि विवाद की जांच, 23 जून की घटना में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

