oplus_0
मितौली, खीरी। विकासखंड मितौली की एक ग्राम पंचायत के पूर्व ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी दिनेश कुमार मास्टर ने अपने 56वें जन्मदिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मितौली पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया।
दिनेश कुमार मास्टर, जिन्हें क्षेत्र में लोग स्नेहपूर्वक “गुरुजी” के नाम से जानते हैं, लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। शिक्षा के प्रति अपने समर्पण को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने अपने पूज्य पिता की स्मृति में रोहन लाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल की स्थापना की, जहां ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जन्मदिवस के अवसर पर उनके आवास पर सैकड़ों शुभचिंतक, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि दिनेश कुमार मास्टर हमेशा जरूरतमंदों और गरीब परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं तथा संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान का प्रयास करते हैं। यही कारण है कि क्षेत्र में उन्हें एक संवेदनशील एवं जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के रूप में सम्मान दिया जाता है।
इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. देवेंद्र सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को समाजसेवा से जोड़ना प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का संदेश देते हैं। फल वितरण के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए दिनेश कुमार मास्टर का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीरज कश्यप, सत्यराम कोटेदार सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिनेश कुमार मास्टर को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

