मितौली। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर कस्बा मितौली में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।
उपजिलाधिकारी निवास पर आयोजित बृहद भंडारे में तहसीलदार मधुसूदन गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार तथा क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद लिया।
इसके अलावा कस्बे में अनुराग कंप्यूटर सेंटर पर भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शरबत, पूड़ी-सब्जी एवं अन्य प्रसाद वितरित किया गया। पूरे कस्बे का माहौल भक्तिमय बना रहा और जगह-जगह बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे।
भंडारा आयोजकों ने बताया कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, श्रद्धा और जनकल्याण का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक वर्ष श्रद्धाभाव के साथ भंडारे का आयोजन किया जाता है।

