पलिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोमी साहनी ने आज उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने पलिया विधानसभा क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों से संबंधित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।
विधायक रोमी साहनी ने मंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्थापित बाबा साहब की मूर्तियों पर छत निर्माण, बाउंड्रीवॉल तथा सोलर लाइट लगाने का कार्य जल्द कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थलों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
मंत्री असीम अरुण ने विधायक को आश्वस्त किया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि बाबा साहब के सम्मान एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

