मितौली, लखीमपुर खीरी। विकासखंड मितौली की ग्राम पंचायत खंजन नगर और आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी राह अब आसान होने वाली है। क्षेत्र की प्रमुख परिवहन समस्या को देखते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर एवं कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू के साझा प्रयासों से गहियापुरवा के कठिना नदी पुल के निर्माण कार्य को आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है।
सालों का इंतजार हुआ खत्म लंबे समय से इस नदी पर पुल न होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, विशेषकर बरसात के दिनों में क्षेत्र का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता था। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा निरंतर की जा रही मांग को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सांसद और विधायक ने शासन स्तर पर पैरवी कर इस परियोजना को मंजूरी दिलाई है।
जनता के बीच उत्साह का माहौल गरीबों और शोषितों की आवाज बुलंद करने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर ने इस अवसर पर कहा कि, “क्षेत्र की जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का निराकरण ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह पुल इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।”
इस घोषणा के बाद खंजन नगर और आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने पूर्व सांसद जुगुल किशोर और विधायक सौरभ सिंह सोनू का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया है।
