जनपद खीरी में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना मझगई की महिला शक्ति टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मझगई के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान महिला पुलिस टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के तहत साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान तथा बच्चों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं को उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए और गरिमा के विरुद्ध अपराधों से संबंधित प्रमुख कानूनों की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा महिला हिंसा एवं अन्य शिकायतों के निवारण के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए सरकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
