लखीमपुर खीरी। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन खीरी के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने तथा पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ एवं समावेशी बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों से प्रभावी संवाद स्थापित करने के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया गया तथा सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद का अभ्यास भी कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के पुलिस सहायता प्राप्त करने का अधिकार है। श्रवण एवं वाक् बाधित लोगों की शिकायतों और समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनकी आवश्यकतानुसार त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को दिव्यांगजनों के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समावेशी पुलिसिंग, समान अवसर और प्रत्येक नागरिक के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

