oplus_0
मितौली। थाना क्षेत्र के भीखमपुर-कस्ता मार्ग पर मड़रिया चौराहे के पास मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, कोरियानी गांव निवासी विजेंद्र (22) और एक अन्य युवक मोटरसाइकिल से बीरमपुर चौराहे की ओर से सेब खरीदकर भीखमपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नेपालापुर, जनपद सीतापुर निवासी सुनीत कुमार (34) पुत्र गोवर्धन अपने गांव की ओर जा रहे थे। मड़रिया चौराहे के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद विजेंद्र और सुनीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं कोरियानी गांव निवासी तीसरे घायल का उपचार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही भीखमपुर चौकी इंचार्ज उदयवीर यादव तथा मितौली क्राइम इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

