लखीमपुर खीरी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखीमपुर खीरी के निर्देशानुसार फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली में “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम एवं साइकिल चलाने की आदत को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल रैली में प्रतिभाग किया तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने एवं अधिक से अधिक साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान में सहभागिता करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली के अंतर्गत संचालित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO), एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने साइकिल रैली निकालकर फिट इंडिया अभियान का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

