प्रयागराज। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा शनिवार, 18 जुलाई 2026 को प्रयागराज जनपद की फाफामऊ विधानसभा में विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बूथ एवं सेक्टर स्तर के संगठन की समीक्षा की गई तथा मिशन-2027 को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी तथा आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) छोड़कर दर्जनों लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रमुख रूप से संजय यादव, विमलेश पासी, राम किशुन पाल एवं भारत पासी ने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और मिशन-2027 को गति मिलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

