मितौली (खीरी)। विकासखंड मितौली सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के अनुरूप सभी वर्गों के हित में कार्य किया है। उनके अनुसार प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और सभी जाति एवं वर्ग के लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में जुगल किशोर ने कहा कि विपक्ष सरकार को बदनाम करने के लिए भ्रामक और झूठी अफवाहें फैला रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो सरकार उसे गंभीरता से लेती है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बिना किसी राजनीतिक दल या नेता का नाम लिए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को बढ़ावा दिया तथा वर्षों तक राम मंदिर विवाद को लंबित रखकर करोड़ों हिंदुओं की आस्था को आहत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि पूर्व की सरकारों ने कारसेवकों पर गोली चलवाकर तुष्टिकरण की राजनीति की थी, जबकि जनता ने ऐसी सरकारों को सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार गरीबों को न्याय दिलाने, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। उनके अनुसार भाजपा सरकार में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है, जिससे गांव, गरीब, किसान और व्यापारी सभी सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर रहे हैं।

