मितौली (लखीमपुर खीरी)। विकासखंड मितौली सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल तथा खंड शिक्षा अधिकारी भगवान राव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की जानकारी देते हुए शिक्षकों को इसके लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।
इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), उत्तर प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से स्थायी शिक्षकों के लिए विशेष सैलरी अकाउंट सुविधा की शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत डिजिटल कैशलेस सुविधा, शून्य बैलेंस पर खाता संचालन तथा बीमा जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वक्ताओं ने कहा कि इस पहल से शिक्षकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होगा। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

