लखीमपुर खीरी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन एवं नवीन मंडी स्थल राजापुर, लखीमपुर खीरी में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी खीरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया तथा उपस्थित लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मअनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में खीरी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जिले के विभिन्न थानों से आए पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए प्रेरित करना रहा। योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

