लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी की कार्यप्रणाली और उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को लेकर मीडिया के एक वर्ग द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
मायावती ने कहा कि बसपा एक सच्ची एवं ईमानदार अंबेडकरवादी पार्टी है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय की नीति पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी बड़े पूंजीपतियों या धनकुबेरों के इशारों पर नहीं, बल्कि अपने समर्थकों के तन, मन और धन के सहयोग से संचालित होती है।
बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी शक्तियां विभिन्न हथकंडों के माध्यम से पार्टी एवं उसके नेतृत्व को बदनाम करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा भी पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं, जबकि पार्टी को मिलने वाला आर्थिक सहयोग पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत चुनावी गतिविधियों एवं उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए खर्च किया जाता है।
मायावती ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में केवल प्रदेश अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और उनकी गहन समीक्षा करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक स्थिति के साथ-साथ पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और जनाधार का भी परीक्षण किया जाता है।
उन्होंने मीडिया एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार या विरोधियों द्वारा फैलाए गए भ्रम का शिकार न हों तथा मिशन-2027 को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।
।

