लखीमपुर खीरी। नीमगांव कोतवाली प्रभारी प्रवीर कुमार गौतम द्वारा थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए प्रभावी कार्यों की क्षेत्र में सराहना हो रही है। हाल ही में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक गिरोह का खुलासा करते हुए उसके सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की थी।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर नीमगांव कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी प्रवीर कुमार गौतम से मुलाकात की। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
जुगल किशोर ने कहा कि अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत हुई है तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस कर्मियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भी उपस्थिति रही।

