लखीमपुर खीरी। जनपद की ईसानगर पुलिस को चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 से अधिक चोरी के मामलों में वांछित एक शातिर चोर सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात तथा 69 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा क्षेत्राधिकारी धौरहरा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ईसानगर पुलिस ने थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सुनील यादव को ग्राम सिरसी से गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं जांच के दौरान चोरी का माल खरीदने और छिपाने वाले मोनिस तथा हर्षित रस्तोगी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुनील यादव के विरुद्ध थाना ईसानगर, खमरिया एवं धौरहरा में चोरी के 9 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से सोने के झुमके, कान की बालियां, मंगलसूत्र, नाक की बालियां, मांग टीका, चांदी की पायल, करधनी, हाथ का फूल, बिछुवा तथा 69 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल लखीमपुर खीरी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, भूपेन्द्र सिंह, दिनेश कुमार, सोनवीर सिंह तथा रीडर आरक्षी रोहित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

