बेहजम खीरी। क्षेत्र के ग्राम भूलनपुर सहित आसपास के इलाकों में त्याग और समर्पण का प्रतीक त्योहार ‘बकरीद’ (ईद-उल-अजहा) पूरे अकीदत, पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर मुख्य ईदगाह में क्षेत्र के सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्र होकर विशेष नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी।
त्योहार के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा, जिसके चलते संपूर्ण क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।
ईदगाह पर उमड़ा जनसैलाब,मांगी अमन-चैन की दुआ
सोमवार सुबह से ही नए और पारंपरिक वस्त्रों में सजे-धजे नमाजी ईदगाह की तरफ बढ़ने लगे थे। निर्धारित समय पर भूलनपुर स्थित ईदगाह में नमाज शुरू हुई, जहाँ मौलाना ने खुतबा पढ़ा और नमाज मुकम्मल कराई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने बच्चों को ईदी बांटी, तो वहीं घरों में जाकर लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस दौरान चारों तरफ उत्साह और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, पुलिस बल रहा मुस्तैद
संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही कमर कस रखी थी। भूलनपुर ईदगाह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बेहजम चौकी इंचार्ज संदीप यादव भारी पुलिस बल के साथ सुबह से ही ईदगाह परिसर और उसके आसपास के रास्तों पर मुस्तैद दिखे। चौकी इंचार्ज खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रख रहे थे।
पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त की गई। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। पुलिस की इसी सक्रियता और मुस्तैदी का परिणाम रहा कि पूरा पर्व शांतिपूर्ण और बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन की इस सजगता और शांति व्यवस्था बनाए रखने में किए गए प्रयासों की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर स्थानीय संभ्रांत नागरिकों ने कहा कि भूलनपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है और इस बार भी सभी ने मिलकर आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का एक मजबूत संदेश दिया है।

