मैगलगंज खीरी। मैगलगंज क्षेत्र के ग्राम कुकुर गोती निवासी एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बाला प्रसाद अगम के सुपुत्र सिद्धार्थ गौतम का बुधवार 28 मई 2026 को इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ स्थित डॉ . राम मनोहर लोहिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र सहित बौद्ध समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय सिद्धार्थ गौतम बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार से लंबे समय से जुड़े हुए थे। वह विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में तथागत गौतम बुद्ध की भूमिका निभाकर लोगों को धम्म के प्रति जागरूक करते थे। उनके अभिनय और धर्म प्रचार के कार्यों की क्षेत्र में विशेष पहचान थी। बौद्ध समाज के लोगों का कहना है कि सिद्धार्थ गौतम ने अपना जीवन धम्म के प्रचार और समाज सेवा को समर्पित कर दिया था।बताया जाता है कि उनके पिता स्वर्गीय बाला प्रसाद अगम स्वतंत्रता सेनानी थे, जिनका पूर्व में निधन हो चुका है। पिता की तरह ही सिद्धार्थ गौतम भी समाज में सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।
उनके निधन से परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं बौद्ध धर्म को मानने वाले लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। क्षेत्र के तमाम सामाजिक,धार्मिक एवं राजनीतिक लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
स्वर्गीय सिद्धार्थ गौतम का अंतिम संस्कार आज सुबह 10 बजे उनके पैतृक गांव कुकुर गोती में किया गया।

