लखीमपुर खीरी। बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जनपद खीरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
एसएसपी द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व को देखते हुए पुलिस लगातार भ्रमणशील रहकर पैदल गश्त कर रही है तथा कानून व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए हुए है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें। जनपद पुलिस ने सभी नागरिकों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।

