लखीमपुर खीरी। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. ख्याति गर्ग ने मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया। एसएसपी ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद की सभी मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पोस्टर पार्टियां निकालने तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
खीरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

