नीमगांव खीरी। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से नीमगांव पुलिस ने बीती रात विशेष सत्यापन अभियान चलाया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना अध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में चोरी, लूट, गोकशी समेत अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे आरोपियों के घरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर उनकी मौजूदगी का सत्यापन किया।
रात्रि अभियान के दौरान पुलिस टीम गांव-गांव पहुंची और संदिग्ध व चिन्हित अपराधियों के घरों पर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने करीब तीन दर्जन हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराधियों का सत्यापन किया। इसके बाद कई आरोपियों को नीमगांव थाने बुलाकर उनकी परेड भी कराई गई।
थाना अध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अपराध में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
यह अभियान क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान में बेहजम चौकी प्रभारी संदीप यादव, सिकंदराबाद चौकी प्रभारी बृजेश कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम पूरी रात क्षेत्र में सक्रिय रही, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के सत्यापन और निगरानी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम करना है, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

