लखीमपुर खीरी। ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ करने और शासन की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति को इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खीरी टाउन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लगुचा का दौरा कर वहां दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। दवाओं की उपलब्धता और हो रही जांचों की जानकारी ली।
रविवार को सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खीरी टाउन पहुंचे, जहां निरीक्षण के समय तक करीब 45 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा चुकी थीं। उन्होंने केंद्र पर मौजूद मरीजों से सीधा संवाद कर उन्हें मिल रहे उपचार और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लगुचा पहुंचे, जहां स्वास्थ्य मेले में कुल 95 मरीजों का सफल उपचार किया गया था। डॉ. गुप्ता ने यहां चिकित्सालय की सभी सेवाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की छत पर जमा गंदगी को लेकर नाराजगी जाहिर की और तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोग्य मेले में आने वाले हर मरीज को निःशुल्क परामर्श, आवश्यक जांचें और दवाएं सुलभ होनी चाहिए। दोनों ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सूची में मौजूद 150 से अधिक दवाएं उपलब्ध मिलीं। उन्होंने केंद्रों पर हो रही जांचों के बारे में जानकारी ली, मौजूद उपकरणों और उनके रखरखाव को देखा। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुसार आयुष्मान कार्ड निर्माण और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और अधिक बेहतर हो सके।
