जनपद खीरी में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट और सर्विलांस टीम ने थाना खमरिया क्षेत्र में नदी किनारे संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अवैध शस्त्र निर्माण व तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 अप्रैल को यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में स्वाट/सर्विलांस टीम व खमरिया पुलिस ने ग्राम लुधौनी के पास नदी किनारे छप्पर डालकर चल रही फैक्ट्री पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके से जमील उर्फ भुर्जी (निवासी भदमरा, थाना रेउसा, सीतापुर) और रोज अली (निवासी गंगान, थाना ईसानगर, खीरी) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मौके पर अवैध तमंचों का निर्माण करते पाए गए।
बरामदगी में शामिल हैं:
9 देशी तमंचे (315 व 12 बोर)
4 अर्धनिर्मित तमंचा बॉडी
11 लोहे की नाल (315 व 12 बोर)
जिंदा व खोखा कारतूस
ट्रिगर, स्प्रिंग, फायरिंग पिन सहित अन्य पुर्जे
बरमा मशीन, हथौड़ी, आरी, पेचकस, वेल्डिंग सामग्री समेत कई उपकरण
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान स्थानों व नदी किनारों पर अस्थायी फैक्ट्री लगाकर जगह बदल-बदल कर हथियार बनाते थे। मुख्य आरोपी जमील उर्फ भुर्जी पर सीतापुर में पहले से ही आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रोज अली पर भी गौकशी व अन्य गंभीर मामलों में अभियोग पंजीकृत हैं।
इस संबंध में थाना खमरिया पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में सर्विलांस टीम व खमरिया पुलिस ने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की।
