मैगलगंज खीरी- मैगलगंज थाना क्षेत्र के मुरादपुर में औरंगाबाद पावर हाउस से आने वाली जर्जर बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने किसान की खड़ी गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। खेतों के ऊपर से गुजर रही पुरानी और ढीली विद्युत लाइन से अचानक चिंगारी निकली, जिससे नीचे खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। आसपास के किसानों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर की मदद से खेतों को जोतकर फायर लाइन बनाई, जिससे आग को आगे बढ़ने से रोका जा सका। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मुरादपुर निवासी किसान राम सिंह राठौर पुत्र स्वर्गीय अनंतराम राठौर व किसान राकेश कुमार ,सत्य प्रकाश सुपुत्रगण रामकुमार की गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि औरंगाबाद पावर हाउस से दी जाने वाली यह लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में है और पहले भी बड़े हादसे का कारण बन चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार साल 1997 में इसी लाइन के तार टूटने से दो बैलों सहित एक व्यक्ति अनंत राम राठौर की मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी विभाग ने लाइन बदलने की दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया।
क्षेत्रीय लेखपाल सुनील राठौर ने बताया कि मौके का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार कर विद्युत विभाग को भेजी जा रही है आगे की कार्यवाही विद्युत विभाग के द्वारा की जाएगी l
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जर्जर तारों को तत्काल बदलवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
