oplus_0
मैगलगंज खीरी।जनपद के थाना मैगलगंज क्षेत्र के ग्राम लिधियाई में एक महिला द्वारा कानून के दुरुपयोग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की ही एक महिला निर्दोष लोगों पर छेड़छाड़ के फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर अवैध धन उगाही कर रही है। इस संगठित शोषण से परेशान होकर ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री का दरवाजा खटखटाया है।
साजिश के तहत फंसाने का आरोप
गांव निवासी नरेंद्र कुमार अर्कवंशी ने ‘जनसुनवाई’ के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र के अनुसार, उक्त महिला और उसका पति सुनियोजित तरीके से ग्रामीणों पर छेड़छाड़ और अभद्रता के झूठे आरोप लगाते हैं। इसके बाद पुलिसिया कार्रवाई का भय दिखाकर केस वापस लेने के बदले मोटी रकम की मांग की जाती है। प्रार्थी का कहना है कि यह एक सोची-समझती रणनीति है जिसके जरिए सीधे-सादे ग्रामीणों को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पूरे गांव में दहशत और अराजकता का माहौल
शिकायती पत्र में हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया गया कि महिला ने राजेश मौर्य और अशोक कुमार जैसे ग्रामीणों के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि जोधा पत्नी वीरेंद्र कुमार को जान से मारने की धमकी भी दी। नरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की इन हरकतों के कारण गांव में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। ग्रामीण इस कदर डरे हुए हैं कि कोई भी अप्रिय घटना घटने की आशंका बनी रहती है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि उक्त महिला के पुराने रिकॉर्ड और पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमों की गहनता से जांच की जाए। उन्होंने मांग की है कि जांच के बाद सत्यता सामने आने पर महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का डर बना रहे और निर्दोष ग्रामीणों को राहत मिल सके।
