लखीमपुर खीरी। जनपद के नीमगांव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां मजदूरी का पैसा मांगने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मलिकपुर निवासी कुलदीप (लगभग 36 वर्ष) गांव के ही एक गन्ना कोल्हू (बेल) पर पिछले करीब पांच महीनों से मजदूरी कर रहा था। आरोप है कि 11 मार्च 2026 की शाम करीब 4:30 बजे जब कुलदीप ने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे, तो गांव के ही साजिद खां, राशिद खां व हामिद खां उससे नाराज हो गए।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने कुलदीप को पैसे देने से इंकार करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे धक्का देकर खौलती हुई कढ़ाई में गिरा दिया गया,जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आरोपी युवक को इलाज के लिए ले गए। पहले जिला अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें घटना की सही जानकारी नहीं दी और इलाज के दौरान भी डराते-धमकाते रहे।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा लगातार धमकी दी जा रही थी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। मृतक के पिता ने थाना नीमगांव में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
