लखीमपुर खीरी। बांकेगंज क्षेत्र के ग्राम मैकूपुर निवासी एक पीड़ित पिता ने अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष से लगातार हो रही परेशानी को लेकर चिंता जताई है। पीड़ित सोबरन लाल पुत्र मगरे दास ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री प्रीति देवी का विवाह 15 अप्रैल 2024 को मोहल्ला कमलापुर निवासी रमेश चंद के पुत्र पवन कुमार के साथ पूरे रीति-रिवाज से किया था।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अपनी पुत्री का पालन-पोषण अच्छे संस्कारों के साथ किया और उसे ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्य भी सिखाए। विवाह से पूर्व ससुराल पक्ष के व्यवहार और आश्वासन से संतुष्ट होकर उन्होंने यह रिश्ता तय किया था। ससुराल पक्ष ने कहा था कि उनका पुत्र बाहर काम करने नहीं जाएगा और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार करेगा, वहीं बहू भी घर पर रहकर कार्य करेगी।
हालांकि, विवाह के कुछ समय बाद ही परिस्थितियां बदल गईं। पीड़ित का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने अपने पुत्र और बहू को अन्य प्रदेश में काम करने के लिए भेज दिया, जिससे दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव उत्पन्न हो गया। सोबरन लाल का कहना है कि उन्होंने पहले भी इस मामले को लेकर विभिन्न विभागों में लिखित शिकायत की थी, लेकिन उन शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित पिता ने बताया कि वह अपनी पुत्री की खुशी चाहते हैं और चाहते हैं कि वह जहां भी रहे, सुरक्षित और सुखी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों परिवार आपसी समझदारी से संबंध बनाए रखें, ताकि किसी प्रकार की अनबन न हो।
सोबरन लाल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जाए, जिससे उन्हें मानसिक परेशानियों से राहत मिल सके और उनकी पुत्री का दांपत्य जीवन सुरक्षित रह सके।
