oplus_0
मैगलगंज खीरी।विकासखंड मितौली के अंतर्गत मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम राजेपुर में पांच दिवसीय भव्य ‘बुद्ध कथा’ का आयोजन किया गया है। मेला कमेटी के अध्यक्ष खुशीराम गौतम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के भारी संख्या में श्रद्धालु और अनुयायी शिरकत कर रहे हैं।
पूर्व राज्यसभा सांसद ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर ने शिरकत की। उन्होंने विधिवत फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने तथागत बुद्ध और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज को शिक्षित और संगठित होने का संदेश दिया।
सुरेश गौतम की वाणी में बह रही भक्ति की धारा
कथा के मुख्य वाचक एवं प्रसिद्ध गायक सुरेश गौतम अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जन को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने भगवान बुद्ध के शांति संदेशों और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्षों पर आधारित गीतों व संगीत की ऐसी धारा बहाई कि पूरा पांडाल “जय भीम-नमो बुद्धाय” के जयघोष से गूंज उठा।
सामाजिक एकता का संदेश
मेला कमेटी के अध्यक्ष खुशीराम गौतम ने बताया कि इस पांच दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुद्ध की शिक्षाओं का प्रसार करना और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है। कथा के दौरान गांव व आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
इस अवसर पर मेला कमेटी के समस्त सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
