मैगलगंज खीरी। किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और कृषि सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी मितौली मधुसूदन गुप्ता ने गुरुवार को ग्राम रायपुर पहुंचकर किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि फार्मर आईडी के माध्यम से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान और सुविधाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
उप जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं, जिससे भविष्य में किसी भी योजना का लाभ लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान उनके साथ कानूनगो रामकिशोर, क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ राय तथा अरुण चौधरी व जन सेवा केंद्र संचालक मोहित राव मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को फार्मर आईडी के महत्व और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जागरूक किया।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और फार्मर आईडी बनवाने में उत्साह दिखाया। प्रशासन का कहना है कि अभियान के तहत शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि हर पात्र किसान को योजनाओं का लाभ मिल सके।
