लखीमपुर खीरी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, टीबी एवं अन्य संचारी रोगों को लेकर एक सेंसिटाइजेशन वर्कशॉप का आयोजन सीएमओ ऑफिस सभागार में किया गया। इस कार्यशाला में जनपद के तीन ब्लॉकों में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता द्वारा की गई।
उन्होंने ने बताया कि जनपद के सभी 15 ब्लॉकों के सीएचओ को चरणबद्ध रूप से संबंधित विषयों पर सेंसिटाइज किया जाना है। पहले चरण में पलिया, मितौली एवं रमियाबेहड़ ब्लॉक के सीएचओ इस प्रशिक्षण में शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्रों में वेक्टर बॉर्न डिजीज पर विशेष फोकस रखते हुए मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम, पहचान और उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।
सीएमओ ने उपचार प्रक्रिया, आवश्यक दवाओं एवं सामग्री के स्टॉक प्रबंधन, मलेरिया प्रोटोकॉल, समय पर जांच तथा सही उपचार पद्धति पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक सीएचओ के पास मलेरिया जांच किट (आरडीटी) की उपलब्धता अनिवार्य है, ताकि त्वरित जांच व उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
यह प्रशिक्षण स्वास्थ्य विभाग एवं पाथ-सीएचआरआई के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर, मलेरिया विभाग की टीम तथा पाथ-सीएचआरआई के जिला समन्वयक जुबेर आलम उपस्थित रहे। एलटी हेमंत गुप्ता द्वारा आरडीटी के माध्यम से मलेरिया जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ एसपी मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद रावत, डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद वर्मा, डीसीपीएम कुलदीप सिंह, लाला सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। आगामी तिथियों में शेष ब्लॉकों के सीएचओ को भी इसी प्रकार प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
