लखीमपुर खीरी । दिल में उमंग, चेहरे पर उत्साह और जुबां पर भारत माता के जयकारे के बीच गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे जनपद में उत्साह, उल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। सभी सरकारी व गैर सरकारी भवनों पर झंडा फहराया गया।
सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने डीएम कैम्प कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। गांधी बालोद्यान विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रगान किया। डीएम ने मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान का संकल्प दिलाया। कलेक्ट्रेट में डीएम ने स्वंत्रतता संग्राम सेनानियों के आश्रितो को शाल ओढ़ाकर, माला पहनाकर सम्मानित किया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन कलेक्ट्रेट के लिए और भी विशेष है, क्योंकि एक दिन पूर्व 100 फीट ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर तिरंगे की गौरवपूर्ण झलक से सुशोभित हो गया।
उन्होंने लोगो का आह्वाहन किया कि गणतंत्र दिवस पर संविधान के मूल सिद्धान्तों स्वतंत्रता, समानता और राष्ट्र की एकता और अखण्डता को सुनिश्चित करने वाली बन्धुता पर अमल करने का संकल्प ले। गणतंत्र देश के सभी नागरिकों को सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर प्रदान करता है। संविधान में हमें स्वतंत्रता, समानता एवं बधुत्व तथा सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय प्रदान करता है, जिससे सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलते है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों को प्राप्त करने के लिए हमें अपने कर्तव्य और दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाना होगा, क्योंकि कर्तव्य ही अधिकार की पहली सीढ़ी होती है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस महान पर्व पर हम अपने अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियों का भी निर्वहन ईमानदारी और लगन के साथ करें, ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार किया जा सके।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की यह जिम्मेदारी है कि शासन की नीतियों और आदेशों को सही और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। एडीएम ने विशेष रूप से कहा कि जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिलना है, उन्हें निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव के लाभ पहुंचाना चाहिए। जिस तरीके का देश हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने सौंपा, हमें इसे उसी तरह आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। देश के लिए हुए संघर्षों और बलिदानों को याद करते हुए, यदि हम अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और पूरी लगन के साथ निभाएंगे, तो यह संग्राम सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डीएसओ अंजनी सिंह ने देशभक्ति से ओतप्रोत काव्य रचनाएं प्रस्तुत की। इस मौके पर एडीएम न्यायिक अनिल कुमार रस्तोगी, एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह, रेनू मिश्रा, युगांतर त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट में स्थापित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न पटल सहायक मौजूद रहे।
*गणतंत्र दिवस : कारागार राज्यमंत्री ने पुलिस लाइंस में किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले अफसर व कर्मियों को किया गया सम्मानित*
इसके बाद गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइंस में परेड का भव्य प्रदर्शन हुआ। मुख्य अतिथि कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने पुलिस लाइन में विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार की मौजूदगी में ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। हर्ष फायरिंग कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस अवसर पर एसपी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई। एसपी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया। पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य, सेवा, सराहनीय कार्य को प्रशंसा चिन्ह, प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
मुख्य अतिथि कारागार राज्य मंत्री ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम में गौरवमयी रहा है। उन्होंने जिले के सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास की सराहना की। पुलिस लाइन ग्राउण्ड में जनपद के विभिन्न विद्यालयों द्वारा देशभक्ति से ओत प्रोत प्रस्तुतियां दी गयी और विभिन्न सरकारी विभागोें ने अपनी-अपनी झांकियां निकाली।
