लखीमपुर खीरी। जगदीश प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, संतरापुर में “विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस” के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को आत्महत्या जैसी गंभीर समस्या से बचाव, मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
डिप्टी सीएमओ / सीएचसी बांकेगंज अधीक्षक डॉ अमित सिंह ने बताया कि आत्महत्या की समस्या युवाओं में तेजी से बढ़ रही है और इसका सीधा संबंध तनाव, अवसाद तथा नशे जैसी प्रवृत्तियों से है। छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से स्टाफ नर्स भावना शुक्ला, काउंसलर पूनम देवी द्वारा छात्राओं को जागरूक किया गया है।
बताया गया कि आत्महत्या रोकथाम के लिए आवश्यक है कि परिवार, शिक्षक और समाज मिलकर संवेदनशील माहौल तैयार करें ताकि कोई भी बच्चा या व्यक्ति अवसादग्रस्त होकर यह कदम न उठाए। आत्महत्या के प्रमुख कारणों में पारिवारिक कलह, पढ़ाई का दबाव, बेरोजगारी, मानसिक तनाव और नशा प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में कुल 54 छात्राएं उपस्थित रहीं। टीम में भावना शुक्ला (एस.एन. एनसीडी), पूनम देवी (काउंसलर), शालाल आलम (योग प्रशिक्षक) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए और आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहने का संकल्प लिया।

