मितौली खीरी। कस्बा स्थित मेला मैदान तहसील के ठीक सामने विराट 24 कुंडीय नवचेतना जागरण गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा एवं भव्य कलश यात्रा को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पूर्व राज्य सभा सांसद जुगल किशोर ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया, जिसमें हजारों की संख्या में माताओं बहनों ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर जल कलश लेकर कस्बे का भ्रमण किया इसी दौरान घरों की छतों से पुष्प वर्षा की गई। भक्ति गीतों और मां गायत्री के जयकारों से पूरा कस्बा गुंजायमान रहा। कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा पुनः यज्ञ स्थल पहुंची जहां मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना की गई। शांतिकुंज से आए हुए परम विद्वान आचार्यों एवं आचार्य अमरपाल के सानिध्य में गायत्री परिवार मितौली के भक्त जनों ने कलश यात्रा में शामिल हुई हजारों की संख्या में माताओं बहनों का अभिनंदन किया।
युग ऋषि वेद मूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण व ऋषि तंत्र के मार्गदर्शन में मानव मात्र को सद्बुद्धि प्रदान कर सन्मार्ग में प्रेरित करने के उद्देश्य से उपरोक्त कार्यक्रम संपन्न किए जाएंगे । इन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के समस्त सक्रिय कार्यकर्ता एवं परिजन मौजूद रहे।
गायत्री महायज्ञ में समस्त संस्कार कराए जाएंगे जिसमें पुंसवन संस्कार, नामकरण संस्कार, विद्यारंभ दीक्षा संस्कार, विवाह संस्कार संपन्न कराए जाएंगे तत्पश्चात टोली विदाई का कार्यक्रम किया जाएगा समस्त कार्यक्रम युग चेतना विस्तार केंद्र अखिल विश्व गायत्री परिवार मितौली की तरफ से आदर्श इंटर कॉलेज मेला मैदान मितौली में किए जाएंगे।
