लखीमपुर खीरी 25 अगस्त। खीरी में कलेक्ट्रेट को सजाने संवारने के लिए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह नित नए प्रयास कर रहे। शासन स्तर पर डीएम की पैरवी के चलते कलेक्ट्रेट में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण तथा प्रवेश द्वारों के नव निर्माण हेतु एक करोड़, 74 लाख, 40 हजार की धनराशि की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई, जल्द ही कार्य शुरू होगा।
खीरी जिले में डीएम महेन्द्र बहादुर सिंह ने आजादी के अमृत महोत्सव पर कलेक्ट्रेट स्थित पार्क का जीर्णोद्धार कराने के साथ ही पूरे कलेक्ट्रेट भवन सहित अन्य दफ्तरों को तिरंगामय बनवाया। बताते चलें कि कलेक्ट्रेट परिसर में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढीकरण, नाली निर्माण, दोनों प्रवेश द्वारों का नवनिर्माण कार्य कराने के लिए डीएम के निर्देश पर नामित कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी विभाग से उपलब्ध कराये गये प्रायोजना प्रस्ताव/आगणन की आंकलित लागत रू. 174.40 लाख की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति तथा सम्पूर्ण धनराशि रू. 174.40 लाख (रू. एक करोड़ चौहत्तर लाख चालीस हजार मात्र) अवमुक्त कर नियमानुसार व्यय किये जाने की स्वीकृति प्रदान की। डीएम ने कहा कि कार्य की विशिष्टियां मानक व गुणवत्ता की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी की होगी तथा कार्यदायी संस्था यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित समयावधि में ही पूर्ण हो जाय।
यह अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए कि कार्यों की गुणवत्ता उच्च कोटि की हो तथा समय-समय पर कराए जा रहे कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए।
कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता ई. अनिल जाटव ने बताया कि उक्त कार्य हेतु निविदा आमंत्रित की गई। निविदा प्राप्त होते ही अनुबंध गठन कराते हुए जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने से कलेक्ट्रेट की सूरत बदल जाएगी।
