नई दिल्ली। देश में नीट पेपर लीक, बेरोजगारी, न्यायिक व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर ऑनलाइन अभियान के रूप में उभरी कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। पार्टी ने सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता तथा विजेता दहिया और आशुतोष रांका को प्रवक्ता नियुक्त किया है।
मुख्य प्रवक्ता बनाए गए सौरव दास लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कानूनी, न्यायिक और सामाजिक विषयों पर व्यापक रिपोर्टिंग और विश्लेषण किया है। वर्ष 2025 में इंडिया गेट पर आयोजित प्रदूषण विरोधी आंदोलन में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी।
प्रवक्ता नियुक्त किए गए विजेता दहिया राजनीतिक अनुसंधान और रणनीतिक विश्लेषण के क्षेत्र में कार्यरत रहे हैं। वह लेखक, कंटेंट क्रिएटर और फिल्म निर्माता हैं। उनकी चर्चित पुस्तकों ‘पावर ऑफ यूनिवर्स’ तथा ‘टू हेल विद दैट जॉब’ को पाठकों ने सराहा है। उन्होंने हरियाणवी फिल्मों ‘दरारें’ और ‘ओपरी पराई’ का लेखन एवं निर्देशन भी किया है। दहिया ने अपनी शिक्षा डीटीयू से प्राप्त की है।
वहीं, प्रवक्ता बने आशुतोष रांका आईआईटी कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लंदन में मैकिन्से एंड कंपनी में रणनीतिक प्रबंधन सलाहकार के रूप में कार्य किया है। भारत लौटने के बाद उन्होंने जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा और युवा मुद्दों से जुड़े कई जन आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिनमें डोल का बांध, अमायरा सुसाइड केस और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दे शामिल हैं।
पार्टी का कहना है कि इन नियुक्तियों से संगठन की जनसंपर्क क्षमता मजबूत होगी और युवाओं, छात्रों तथा आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

