मितौली खीरी। जनपद खीरी में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नीमगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को अल्हवापुर पुल के पास संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में अभियुक्त मौजीराम के पैर में गोली लग गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मौजीराम, सुमित प्रजापति, आलोक कुमार, अभय प्रताप सिंह तथा सर्वेश राठौर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक मोटरसाइकिल इंजन, चार मोबाइल फोन, दो क्षतिग्रस्त मोबाइल तथा 5300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान स्थानों पर शराब दुकानों के सेल्समैन और राहगीरों को निशाना बनाकर लूट एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनसे पूछताछ में सीतापुर और खीरी जनपद में हुई कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर थाना रामकोट, पिसावा (सीतापुर) तथा नीमगांव (खीरी) में दर्ज तीन मामलों का अनावरण हुआ है। बरामदगी एवं मुठभेड़ के संबंध में थाना नीमगांव पर संबंधित धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम सहित बेहजम चौकी प्रभारी संदीप यादव एवं थाना नीमगांव की पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

