बेहजम (खीरी)। विकासखंड बेहजम क्षेत्र के कैमा गांव में परम पूज्य भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा का भव्य अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर प्रतिमाओं का अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को शत-शत नमन करते हुए उनके द्वारा देश को दिए गए सामाजिक न्याय, समानता एवं संविधान निर्माण में योगदान को स्मरण किया। साथ ही भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष सर्वेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं। उपस्थित लोगों ने प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक सद्भाव के वातावरण में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

