लखीमपुर खीरी। जनपद में मलेरिया की रोकथाम एवं उन्मूलन के उद्देश्य से 1 जून से 30 जून तक ‘मलेरिया रोधी माह’ अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम, जांच अभियान और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के वर्ष 2030 तक मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले की लगभग 10 प्रतिशत आबादी की मलेरिया जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक बुखार पीड़ित व्यक्ति की अनिवार्य रूप से जांच कराई जाएगी और मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने पर उसका पूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने और लोगों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक रविवार को “मच्छर पर वार” अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
सीएमओ ने बताया कि जिले में मलेरिया एवं डेंगू के मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक मलेरिया के केवल 22 तथा डेंगू के 4 मामले सामने आए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में राहत देने वाले आंकड़े हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि बुखार होने पर तत्काल जांच कराएं, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा अभियान में सहयोग कर मलेरिया मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

