मैगलगंज खीरी। तीन माह से लापता कालीचरण यादव की बरामदगी को लेकर सोमवार को परिजनों एवं ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में लोग मैगलगंज ओवरब्रिज के पास धरना-प्रदर्शन करने के लिए पहुंच रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शनकारियों को ओवरब्रिज से करीब 500 मीटर पहले ही रोक दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तेज तर्रार क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। उनके साथ मितौली एवं मैगलगंज थाना पुलिस के अलावा कई थानों की फोर्स, फायर ब्रिगेड टीम तथा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।
धरना स्थल की ओर बढ़ रहे परिजनों और ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ता नजर आ रहा है। प्रदर्शनकारी कालीचरण यादव की शीघ्र बरामदगी एवं मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

