लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। घटना के संबंध में उपजिलाधिकारी धौरहरा एवं क्षेत्राधिकारी धौरहरा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को तत्काल एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की सहायता से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज हेतु उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
संयुक्त बाइट में अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने के लिए पुलिस बल लगाया गया है। मौके पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

