लखीमपुर खीरी। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिसकर्मी की तत्परता से सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की जान बच गई। घटना शनिवार को भंसडियां रेलवे क्रॉसिंग के पास की है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में जनपद में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार की बाइक अचानक फिसल गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में चोट लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना के समय यातायात पुलिस के कर्मचारी कांस्टेबल सतीश ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए तत्काल वाहन की व्यवस्था कर घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
समय रहते मिली चिकित्सा सहायता के चलते घायल युवक की जान बच गई। यातायात पुलिसकर्मी की इस संवेदनशीलता और तत्परता की लोगों ने सराहना की है।

