लखीमपुर खीरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मितौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा और मरीजों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को सकारात्मक दिशा-निर्देश दिए।
*स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएमओ का औचक निरीक्षण*
निरीक्षण की शुरुआत में सीएमओ ने पंजीकरण काउंटर का जायजा लिया और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देते हुए कंप्यूटराइज्ड पर्ची काउंटर पर एबीडीएम बारकोड कम से कम 5 से 6 स्थानों पर प्रमुखता से लगाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को डिजिटल योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। अस्पताल की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि सुबह 8:00 बजे तक ओपीडी शुरू होने से पहले अस्पताल परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा हो जाना चाहिए, जिससे मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिले। साथ ही दिन के हिसाब से अलग-अलग बेडशीट के इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
पूर्व में आए आंधी-तूफान के कारण अस्पताल की बाधित हुई विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए ताकि बिजली संबंधी कोई असुविधा न हो। अपनी इस विजिट के दौरान सीएमओ ने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण कर मशीन का जायजा लिया और एक्स-रे टेक्निशियन से आवश्यक बातचीत करते हुए कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित वॉर्डों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं और माताओं को मिल रही सुविधाओं को देखा। इस दौरान व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर करने के उद्देश्य से स्टाफ को कुछ जरूरी सुझाव दिए गए ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस पूरे निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह भी पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्धता जताई।

