मितौली। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को मितौली ब्लॉक सभागार में “आंगन मिलन सेवा अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू ने किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दो नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार तथा दो महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र एवं पांच आंगनबाड़ी सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दो आशाओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) से संबंधित लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में सीडीपीओ प्रभारी सुषमा शुक्ला, आनंद मोहन, सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रमोद कुमार वर्मा, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष शमशाद अली सहित भाजपा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

