oplus_16
मितौली खीरी। मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम ओदारा के निकट पूरब दिशा में बह रही पिरई नदी के रपटा पर शुक्रवार दोपहर नहाने गए 17 वर्षीय युवक के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान सचिन शर्मा के रूप में हुई है। घटना करीब 12 बजे के आसपास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सचिन शर्मा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीण करीब एक घंटे तक नदी में युवक को तलाशते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। घटना की सूचना पर मितौली थाने के नवागत थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव एवं तलाश अभियान की निगरानी की। युवक के परिजनों ने प्रशासन से गोताखोरों की मदद से जल्द तलाश कराने की मांग की है। घटना के बाद मौके पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
वहीं सीओ मितौली यादवेंद्र यादव से फोन पर जानकारी लिए जाने पर उन्होंने बताया कि युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि मितौली पुलिस की टीम भी लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है और एनडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद तलाश अभियान को और तेज किया जाएगा।
उधर, युवक के नदी में डूबने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण और पुलिस टीम युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

