मितौली खीरी। जश्ने ईद मिलादुन्नबीके मुबारक मौके पर बुधवार को मितौली कस्बे में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। डीजे की धुन पर लोग नाचते-गाते और नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़े। पूरे कस्बे में जश्न का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा की सीरत और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे, मोहब्बत, इंसाफ और इंसानियत का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर-ए-अकरम ने कमजोरों, जरूरतमंदों, यतीमों और पड़ोसियों के साथ भलाई करने तथा सच्चाई और नेक किरदार अपनाने की शिक्षा दी। जहां इस अवसर पर बंजारों के अध्यक्ष इरफान मोहम्मद,महबूब हसन,सचिन सिंह नितिन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव के नेतृत्व में थाना प्रभारी महेश पाठक, क्राइम इंस्पेक्टर अखिलेश गंगवार तथा राजस्व विभाग के अमित भारती पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। अधिकारियों ने जुलूस के मार्ग पर निगरानी रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराया।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और समाज में अमन, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।

