51 लीटर गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक कर लौटी मितौली की युवा कांवरिया टोली
मितौली, खीरी। पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार को मितौली कस्बे की युवा कांवरिया टोली ने 51 लीटर पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर अपनी अटूट श्रद्धा और भक्ति का परिचय दिया। तीन दिन की पैदल यात्रा पूरी कर कांवरियों ने गोला गोकर्णनाथ स्थित छोटी काशी पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
युवा कांवरिया टोली शनिवार को मितौली कस्बे से फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुई थी। टोली ने फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट से 51 लीटर गंगाजल भरा और उसे कांवर में लेकर जलालाबाद, शाहजहांपुर और मोहम्मदी होते हुए करीब तीन दिन की पैदल यात्रा की। सोमवार को कांवरिये गोला गोकर्णनाथ की छोटी काशी पहुंचे, जहां विधि-विधान से 51 लीटर गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
कांवरिया टोली में लखन मिश्रा, अनिल सक्सेना (छोटू), रोहित मिश्रा (रजत), अजय राठौर, रुपेश सक्सेना, कौशल सक्सेना, छोटू शर्मा, सचिन शर्मा, अजीत श्रीवास्तव और मोहित सिंह शामिल रहे। युवाओं की इस धार्मिक यात्रा और अटूट श्रद्धा की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
यात्रा के दौरान ग्रामीण जनहित सेवा समिति उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष महेश चंद्र वर्मा और महामंत्री विकास शुक्ल ने कांवरियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। सोमवार की रात युवा कांवरिया टोली वापस मितौली पहुंची, जहां कस्बे के लोगों ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त, माताएं-बहनें और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

