नीमगांव (लखीमपुर खीरी)। थाना नीमगांव क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रविवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, युवती अपनी दादी के साथ घास काटने गई थी। घास घर पर डालने के बाद वह दोबारा दादी के पास जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते से उसके लापता होने की बात सामने आई। बाद में युवती का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलने पर बहुजन समाज पार्टी के लखनऊ मंडल प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम एडवोकेट, मंडल प्रभारी विमल प्रकाश गौतम, विधानसभा महासचिव वेद प्रकाश गौतम, वरिष्ठ कार्यकर्ता छंगालाल कश्यप, कमलेश कुमार, अनिल जी तथा सेक्टर अध्यक्ष देशराज गौतम सहित पार्टी के तमाम कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके बाद बसपा प्रतिनिधिमंडल ने थाना नीमगांव पहुंचकर थाना अध्यक्ष एवं मौजूद सुरक्षा कर्मियों से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
थाना अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बसपा पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और पुलिस प्रशासन को मामले की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

