गोरखपुर। ॐ फिटनेस योग संस्थान के तत्वावधान में विंध्यवासिनी पार्क, मोहद्दीपुर में आयोजित गुरु पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना, गुरु वंदना एवं गुरु पूजन के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में साधकों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। भजन, देशभक्ति गीत, नृत्य, योग प्रदर्शन एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा सेवा भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पारस नाथ जी ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि जीवन को सही दिशा और उद्देश्य भी प्रदान करते हैं। इस अवसर पर राजकीय उद्यान विभाग के अधीक्षक पारस जी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में योग शिक्षक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। संस्थान के संस्थापक योगाचार्य धर्मेन्द्र प्रजापति ‘योगी धर्मेश्वर’ ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का सम्मान, सेवा और संस्कार ही समाज को सशक्त तथा राष्ट्र को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षित योग शिक्षकों से समाज में स्वास्थ्य, योग एवं सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला प्रभारी शोभा पांडेय सहित नीरज, आशा त्रिपाठी, लुसी मौर्या, रंजना, अदिति, विजयलक्ष्मी, मंचन, प्रीति, प्रेम, रेखा, पूनम गुप्ता, मीना ममता, मुकेश साहनी, संजय गौड़, संतोष, आरिफ समानी, गायत्री, सुमन, परी, ओम, ऊषा आदि का सहयोग रहा।
महोत्सव में सैकड़ों शिष्यों एवं साधकों ने गुरु पूजन में सहभागिता की। अंत में गुरु आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर राष्ट्र एवं समाज के कल्याण की मंगलकामना की गई।

